कपिल शर्मा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी? कनाडा में उनके कैफे के पास फायरिंग से मची सनसनी
भारत के मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कनाडा के सरे स्थित उनके कैप्स कैफे (Kap’s Cafe) के पास स्थित एक रेस्टोरेंट पर गोलीबारी की घटना हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल दावों के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है और कपिल शर्मा को सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर 'टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू' नामक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि गोलीबारी सरे के चाय सुट्टा बार (Chai Sutta Bar) पर की गई, जो कपिल शर्मा के कैफे के बिल्कुल बगल में स्थित है।
गैंग ने इस पोस्ट के जरिए कपिल शर्मा और कैफे मालिक को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे उनका समय बर्बाद न करें और लाइन में आ जाएं। पोस्ट में आगे यह भी संकेत दिया गया कि यदि वे उनकी शर्तों को नहीं मानते हैं, तो कपिल शर्मा के कैफे और मुंबई स्थित उनके घर को भी इसी तरह के अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं। हालांकि, इन सोशल मीडिया दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

