लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि होंगे नए CDS, कृष्णा स्वामीनाथन बने नौसेना प्रमुख
नई दिल्ली। भारत सरकार ने देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए दो अहम नियुक्तियों का एलान किया है। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है, जबकि वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख बनाया गया है।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 30 मई 2026 को जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए सीडीएस का पद संभालेंगे। इसके साथ ही वह सैन्य मामलों के विभाग यानी डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। सीडीएस का पद भारत की तीनों सेनाओं; थल सेना, नौसेना और वायुसेना; के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए बनाया गया था। सीडीएस राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य रणनीति से जुड़े अहम फैसलों में सरकार को सलाह देता है।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि करीब चार दशक लंबे सैन्य अनुभव वाले बेहद सम्मानित अधिकारी रहे हैं। उन्हें पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम और वीएसएम जैसे कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। वह सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले वह सेना के वाइस चीफ और सेंट्रल कमांड के जीओसी-इन-सी भी रह चुके हैं। उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर कई अहम सैन्य जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह सेना के उप प्रमुख यानी वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी काम किया। सितंबर 2025 से वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार ने उनकी रणनीतिक समझ और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें देश का नया सीडीएस चुना है।
इसके साथ ही, भारत सरकार ने नए नौसेना प्रमुख के तौर पर वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की नियुक्ति की है। वह 31 मई 2026 को भारतीय नौसेना के नए चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (सीएनएस) का पद संभालेंगे। अभी वह मुंबई में वेस्टर्न नेवल कमांड के प्रमुख के रूप में तैनात हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा। नौसेना में लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं और समुद्री सुरक्षा से जुड़े कई बड़े अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
साभार अमर उजाला

