40 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग का कनिष्ठ यंत्री लोकायुक्त के शिकंजे में

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (म.प्र.प.क्षे.वि.वि.क.लि.) के सुखलिया जोन में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भोंडेकर को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता शिवप्रकाश बसवाल, जो बिल्डर एवं होटल व्यवसायी हैं, ने 17 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अम्बे नगर स्थित जी.आर.-7 होटल भवन पर सोलर पैनल लगाने की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में कनिष्ठ यंत्री द्वारा 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने 18 जुलाई 2026 को आरोपी को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय, मोती बंगला, एम.जी. रोड, इंदौर अथवा दूरभाष 0731-2533160 एवं 0731-2430100 पर शिकायत करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper