इकाना में लखनऊ की नवाबों वाली जीत: सीएसके को हराया, चेन्नई की प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल

  • Share on :

लखनऊ। आकाश सिंह की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शतकीय साझेदारी के दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को सात विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने कार्तिक शर्मा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 20 गेंदों के शेष रहते तीन विकेट पर 188 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। 17वें ओवर की चार गेंदों पर पूरन ने लगातार चार छक्के ठोककर लखनऊ को जीत दिलाई।
इस हार के साथ चेन्नई की प्लेऑफ की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है। टीम छठे पायदान पर पहुंच गई। उसके खाते में 12 अंक हैं और नेट रन रेट 0.027 हो गया है। वहीं, प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई है। टॉप-4 में आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की तरफ से पारी की शुरुआत करने आए मिचेल मार्श ने मात्र 38 गेंदों पर सात छक्कों और नौ चौकों की मदद से 90 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। जोश इंग्लिश ने 32 गेंदों पर 36 और निकोलस पूरन ने 17 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। मुकुल चौधरी भी 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। 
इससे पहले चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने सैमसन, गायकवाड़ और उर्विल पटेल के रूप में शुरुआती तीन विकेट 7.2 ओवर में 52 रन पर गंवा दिए थे। सैमसन 20, गायकवाड़ नौ और पटेल छह रन बनाकर आउट हुए। कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 70 रनों की बेहद अहम साझेदारी की। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों पर पांच छक्कों और छह चौकों की मदद से 71 रन की पारी खेली। कार्तिक का सीजन का यह दूसरा अर्धशतक था। डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। ब्रेविस से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में वह फिर असफल रहे। 
शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने आखिरी 24 गेंदों पर 45 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 187 तक पहुंचाया। इसमें पारी की आखिरी चार गेंदों शिवम दुबे द्वारा लगाए दो छक्के और दो चौके शामिल हैं। प्रिंस यादव द्वारा फेंकी सीएसके की पारी के आखिरी ओवर में 23 रन बने। दुबे में 16 गेंदों पर 32 और प्रशांत वीर 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। एलएसजी के लिए आकाश महाराज सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद को 1-1 विकेट मिला। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper