धमाकों से दहला लखनऊ का विकासनगर: एक के बाद एक फटे 10 सिलेंडर, 5 किमी दूर तक दिखीं आग की लपटें

  • Share on :

लखनऊ. लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में दो मासूम बच्चों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जिसकी पुष्टि डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने की है. आग इतनी भयावह थी कि इसमें 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाकों के साथ फट गए, जिससे 50 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं. दमकल विभाग की 20 से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के 10 मकानों को खाली कराया और बिजली सप्लाई बंद कर दी.
विकासनगर में लगी आग की लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक देखी गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला. एक के बाद एक हुए गैस सिलेंडरों के धमाकों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. 50 से ज्यादा परिवारों का आशियाना उजड़ गया है और वे खुले आसमान के नीचे आ गए हैं. कुछ स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper