इंदौर से 2,800 किमी दूर असम में मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ का सेवाकार्य जारी

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
बाढ़ प्रभावित इलाकों में घर-घर सर्वे, जरूरतमंद परिवारों को ₹2,500 की आर्थिक मदद और राहत सामग्री
असम, 11 अगस्त 2026। इंदौर से करीब 2,800 किलोमीटर दूर असम में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ का सेवाकार्य लगातार जारी है। महासंघ की टीम जौहर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर घर-घर सर्वे कर रही है और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक सीधे राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
महासंघ के फाउंडर एवं अध्यक्ष श्री शशि सातपुते पिछले पांच दिनों से लगातार असम में मौजूद हैं। वे स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों की स्थिति और उनकी जरूरतों का जायजा ले रहे हैं। सर्वे के आधार पर जरूरतमंद परिवारों को ₹2,500 तक की आर्थिक सहायता, राशन और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
ग्राउंड पर पहुंचकर हो रहा सर्वे
महासंघ की टीम का कहना है कि राहत सामग्री वितरण के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सहायता वास्तविक रूप से प्रभावित परिवारों तक पहुंचे। इसके लिए टीम प्रभावित क्षेत्रों में जाकर परिवारों की आवश्यकताओं की जानकारी जुटा रही है और उसी के अनुरूप सहायता उपलब्ध करा रही है।
सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों का सहयोग
इस सेवाकार्य में मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ के संरक्षक श्री योगेंद्र महंत, श्री संतोष मीणा, राधे-राधे जनसेवा फाउंडेशन, श्री राहुल जैन, श्री रूपेंद्र जैन, दादा राजेश बेडकर, रुचि जी, रवींद्र जी, श्रेयांश जैन, श्री नरेश लश्करी (पिंटू भैया) सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवियों और सहयोगकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
‘सेवा की कोई सीमा नहीं’
मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ का कहना है कि सेवा की कोई सीमा नहीं होती। इंदौर से हजारों किलोमीटर दूर असम में आई बाढ़ के बीच भी मध्यप्रदेश के सेवाभावी लोग प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। महासंघ के अनुसार, 2 लाख से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, ऐसे में जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सामाजिक संस्थाओं और उद्योगपतियों से सहयोग की अपील
महासंघ ने देशभर की सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, उद्योगपतियों, व्यापारिक संस्थानों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे असम के कम से कम एक बाढ़ प्रभावित परिवार की जिम्मेदारी लेकर उसकी आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
महासंघ के फाउंडर एवं अध्यक्ष शशि सातपुते ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल राहत सामग्री बांटना नहीं, बल्कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक स्वयं पहुंचकर उनकी वास्तविक जरूरत को समझना और उसी के अनुसार सहयोग करना है। इंदौर से 2,800 किलोमीटर दूर आकर भी टीम मानवता की सेवा के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है और जब तक संभव होगा, प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।
— मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ
मानवता की सेवा | जरूरतमंद परिवारों के साथ

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper