परिसीमन कानून पर केंद्र के समर्थन को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने NCP (SP) पर साधा निशाना, राज्यसभा चुनाव की दिलाई याद
मुंबई। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने सहयोगी दल, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) को उस घोषणा के लिए फटकार लगाई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि वे परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े प्रस्तावित कानून पर बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का समर्थन करेंगे।
'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में, महाराष्ट्र कांग्रेस ने NCP (SP) प्रमुख शरद पवार और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि कांग्रेस ने इस साल की शुरुआत में राज्यसभा की एक सीट पर अपना दावा छोड़ दिया था, ताकि 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता शरद पवार फिर से उच्च सदन (राज्यसभा) के लिए चुने जा सकें।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी 85 साल की उम्र में शरद पवार को वापस राज्यसभा भेजने के लिए अंत तक उनके साथ मजबूती से खड़ी रही। मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 विधायक थे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।"
महाराष्ट्र कांग्रेस ने आगे दावा किया कि NCP-SP की सांसद सुप्रिया सुले ने खुद कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से संपर्क किया था और अपने पिता के नामांकन के लिए उनका समर्थन मांगा था।
कांग्रेस पार्टी ने उस सीट पर अपना दावा छोड़ने का फैसला किया। लेकिन अब, वही शरद पवार भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दे दी।
साभार पंजाब केसरी

