मिडिल ईस्ट में जंग के बीच बड़ा हादसा: हवा में रिफ्यूलिंग के दौरान अमेरिकी टैंकर विमान दुर्घटनाग्रस्त

  • Share on :

ईरान के साथ जारी भीषण सैन्य संघर्ष के बीच अमेरिका का एक विमान क्रैश कर गया। यह घटना उस समय हुई जब विमान हवा में ही दूसरे विमान की रिफ्यूलिंग कर रहा था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने भी इसकी पुष्टि की है। गुरुवार को पश्चिमी इराक में अमेरिकी वायुसेना का एक 'KC-135' रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाला) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस घटना के बाद अमेरिकी सेना ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सेना ईरान के खिलाफ आक्रामक सैन्य अभियान चला रही है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के आधिकारिक बयान के अनुसार, इस घटना में दो KC-135 टैंकर विमान शामिल थे। ये दोनों विमान ईरान के खिलाफ जारी अमेरिकी सैन्य अभियान ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत लंबी दूरी के मिशन पर निकले लड़ाकू विमानों में ईंधन भरने का काम कर रहे थे। मिशन के दौरान एक विमान सुरक्षित रूप से उतरने में सफल रहा, जबकि दूसरा पश्चिमी इराक के हवाई क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा फ्रेंडली एयरस्पेस में हुआ है।
शुरुआती जांच और आधिकारिक बयानों के अनुसार, विमान का गिरना किसी दुश्मन की गोलाबारी या फ्रेंडली फायर (अपनी ही सेना की गलती से हमला) का परिणाम नहीं है। फिलहाल इसे एक तकनीकी दुर्घटना के रूप में देखा जा रहा है। सेंट्रल कमांड ने अभी तक विमान में सवार चालक दल के सदस्यों की संख्या या उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper