प्रैक्टिकल अंकों में हेरफेर पर बड़ा एक्शन: सांदीपनि स्कूल खनियाधाना के प्राचार्य निलंबित, 5 शिक्षकों पर भी कार्रवाई तय

  • Share on :

कलेक्टर अर्पित वर्मा के प्रतिवेदन पर संभागायुक्त मनोज खत्री ने की सख्त कार्रवाई, जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
अतुल जैन 
खनियाधाना। शासकीय सांदीपनि विद्यालय खनियाधाना में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट अंकों में कथित हेरफेर के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। मामले में ग्वालियर संभागायुक्त मनोज खत्री ने सख्त कदम उठाते हुए विद्यालय के प्राचार्य टेकचंद जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय निर्धारित किया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के प्रतिवेदन के बाद की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित संयुक्त जांच दल ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट के अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि में गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।

(मूल अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि में हेरफेर का आरोप)
संयुक्त जांच दल की रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षकों द्वारा दिए गए मूल अंकों को बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करते समय कथित रूप से हेरफेर की गई। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा प्रभारी एवं शिक्षकों के बच्चों को नियमों के विपरीत शत-प्रतिशत अंक प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यालय में कम उपस्थिति वाली कुछ छात्राओं की फर्जी उपस्थिति दर्शाकर उन्हें अधिकतम अंक दिए जाने की अनियमितता भी जांच में सामने आने की बात कही गई है। मामले को गंभीर मानते हुए संभागायुक्त ने प्राचार्य के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है।

(5 उच्च माध्यमिक शिक्षकों पर भी गिरेगी गाज)
प्राचार्य के अलावा मामले में संलिप्त पाए गए 5 उच्च माध्यमिक शिक्षकों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इनमें प्रीति शर्मा, नरेंद्र रावत, धर्मेंद्र सिंह बैस, नीरज सोनी और मोहन सोनी शामिल हैं।इन शिक्षकों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत किए गए जवाब जांच के दौरान असंतोषजनक पाए गए। इसके बाद संभागायुक्त मनोज खत्री ने सभी पांच शिक्षकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-14 के तहत कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

(7 दिन में आरोप पत्र तैयार करने के निर्देश)
संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पांचों शिक्षकों के विरुद्ध 07 दिवस के भीतर प्रारूप आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।

(बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता पर प्रशासन का कड़ा संदेश)
सांदीपनि विद्यालय खनियाधाना में प्रैक्टिकल एवं प्रोजेक्ट अंकों से जुड़ी अनियमितताओं पर हुई कार्रवाई को प्रशासन की ओर से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्राचार्य के निलंबन और पांच शिक्षकों पर प्रस्तावित विभागीय कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि बोर्ड परीक्षा में अंकों से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper