गुवाहाटी के पास बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और कई डिब्बे पटरी से उतरे
गुवाहाटी। गुवाहाटी के दिगारू के पास सुबह-सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कोलकाता से सैरंग जा रही कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन समेत कई डिब्बे पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अच्छी बात ये है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन के साथ करीब 6 से 7 डिब्बे पटरी से उतरे हैं। कुछ डिब्बे एक-दूसरे से टकराकर बिखर गए।
नॉर्दर्न फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव का काम जोर-शोर से चल रहा है। रेलवे ने रिलीफ ट्रेन भी मौके पर भेज दी है। वहीं, मौके पर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौजूद है। बताया जा रहा है कि यात्रियों को दूसरे ट्रेन से भेजा जा रहा है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

