कोयला यार्ड में सुरक्षा बल के जवानों से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा, आरोपी गिरफ्तार
साहिल खान
अमलाई/शहडोल। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अमलाई पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 26/27 सितंबर 2026 की दरमियानी रात रामपुर-बटुरा खुली खदान के कोयला यार्ड एवं कांटा घर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ मारपीट और विवाद की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता आर. अजय कुमार पटेल ने अमलाई थाने में दिए लिखित आवेदन में बताया कि कोयला यार्ड में ड्यूटी के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों को रोककर अवैध वसूली की जा रही थी। मौके पर पहुंचकर समझाइश देने पर आरोपियों ने सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान आर. अंतराम मरकाम को धक्का देकर गिरा दिया गया। शिकायतकर्ता के साथ भी मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। घटना में सुरक्षा बल के कर्मचारियों एवं एक ट्रक चालक को चोटें आने की बात सामने आई है।
मामले की शिकायत पर थाना अमलाई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में नामजद आरोपी हीरामणी त्रिपाठी उर्फ बोग्गा पिता तुलसी प्रसाद त्रिपाठी, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम रामपुर, थाना अमलाई, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: थाना प्रभारी अमलाई निरीक्षक भूपेन्द्र मणि पाण्डेय के नेतृत्व में सउनि. अमृत लाल परस्ते, प्र.आर. मुकेश जायसवाल, प्र.आर. पुष्पेन्द्र घोष, प्र.आर. ठाकुरदास एवं आर. मयंक मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

