प्रेमिका को महंगा मोबाइल दिलाने के लिए प्रेमी बना ट्रैक्टर चोर

  • Share on :

कुठला पुलिस ने 48 घंटे में किया चोरी का खुलासा, साढ़े चार लाख रुपये का ट्रैक्टर बरामद
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर 
कटनी। प्रेमिका  के महंगे शौक पूरा करने के लिए प्रेमी बना ट्रैक्टर चोर। कुठला पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कैलवारा फाटक रामनगर निवासी नवनीत गुप्ता ने थाना कुठला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पहरुआ कृषि यंत्र की दुकान के सामने खड़ा सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-34-ए-1943, जिसमें हाइड्रा लगा हुआ था, 14 जुलाई की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। ट्रैक्टर की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत के आधार पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 604/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के समोघर निवासी प्रिंस सिंह सोमवंशी (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी प्रेमिका ने 50 हजार रुपये का महंगा मोबाइल फोन दिलाने की मांग की थी। इसी मांग को पूरा करने के लिए उसने ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मैहर स्थित सोनालिका एजेंसी के पास से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक रामाश्रय सिंह, अजय यादव, अजीत मिश्रा तथा आरक्षक विजय प्रजापति और मनोज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper