भारत विरोधी साजिश का 'मास्टरमाइंड' दबोचा: दिल्ली सीमा से लश्कर हैंडलर की गिरफ्तारी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के एक खूंखार आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। हाल ही में पकड़े गए लश्कर के मॉड्यूल का यह हैंडलर ना सिर्फ आतंकवाद का खौफ फैलाने में जुटा हुआ था बल्कि हमलों की साजिश भी रच रहा था। दिल्ली की सीमा पर पुलिस ने उसे केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दबोचने में सफलता हासिल की है।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर का रहने वाला लोन उस आतंकी मॉड्यूल का सरगना था जिसका हाल ही में भंडाफोड़ किया गया था। दिल्ली से दक्षिणी भारत तक फैले इस मॉड्यूल ने दिल्ली और कोलकाता में कई जगहों पर भारत विरोधी पोस्टर चिपकाए थे, जिनमें बुरहान वानी से लेकर पाकिस्तान तक का जिक्र था।
श्रीनगर जिले का रहने वाला शाबिर अहमद लोन बांग्लादेश में बैठकर लंबे समय से भारत विरोधी साजिशों और आतंकी मंसूबों को अंजाम देने में जुटा हुआ था। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर भारत में हमले करना चाहता था और इसके लिए आतंकवादियों की भर्ती में भी जुटा हुआ था।
लोन का नाम तब प्रमुखता से सामने आया जब फरवरी में दिल्ली पुलिस ने एक टेरर मॉड्यूल का खुलासा किया। पुलिस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ शिफ्ट इंचार्ज की तरफ से 8 फरवरी को एक लिखित मुकदमा दर्ज कराया गया था। जनपथ मेट्रो स्टेशन पर पाकिस्तान और आतंकवाद समर्थित पोस्टर लगाए गए थे। जांच के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर ऐसे ही पोस्टर मिले थे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

