अंतर्राष्ट्रीय शूटर गैंग का सदस्य अशोकनगर में गिरफ्तार, 10 करोड़ की फिरौती मांगने का आरोप
ब्यूरो रिपोर्ट: गोलू यादव
अशोकनगर। अशोकनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय शूटर गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 8 दिनों से शहर में रहकर कैफे, पेट्रोल पंप और अन्य स्थानों की रेकी कर रहा था तथा फिरौती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अंकित अग्रवाल से गैंग के सदस्यों द्वारा फोन कॉल, वीडियो और वॉइस नोट के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। साथ ही पैसा न देने पर जान से मारने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 101/26 धारा 308(1), 308(2), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर शहर सहित जयपुर, जैसलमेर, इंदौर और गोवा में भी आरोपियों की तलाश की गई। इसी दौरान अशोकनगर में होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
दिनांक 05 मार्च 2026 को पुलिस को एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष पुत्र कैलाश जांगिड़ (19 वर्ष), निवासी ग्राम सांकू, जिला जयपुर (राजस्थान) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से पेट्रोल बम, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक नकली आधार कार्ड बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

