महू प्रेस क्लब देगा पत्रकारों को 10 लाख का जीवन बीमा, आधार संशोधन शिविर भी लगेगा
रिपोर्टर... जितेन्द्र वर्मा
महू। महू प्रेस क्लब पत्रकारों के हित में एक और सराहनीय पहल करने जा रहा है। क्लब द्वारा अपने सभी सदस्यों के लिए 10 लाख रुपए का जीवन बीमा कराया जाएगा, जिसका खर्च प्रेस क्लब द्वारा ही वहन किया जाएगा।
क्लब के अध्यक्ष राधे कौशल और महासचिव अंकित राठौड़ ने बताया कि पत्रकार समाज का वह महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो हर परिस्थिति में खबरों की खोज में जुटा रहता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए यह पहल की जा रही है, ताकि उन्हें एक मजबूत सुरक्षा कवच मिल सके। क्लब से जुड़े पत्रकारों के साथ-साथ पत्रकार अपने परिवार के सदस्यों का जीवन बीमा भी करवा सकते हैं, जिसमें प्रेस क्लब हर संभव सहयोग करेगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रेस क्लब द्वारा राज्य सरकार के सहयोग से पत्रकारों के लिए मेडिक्लेम बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
तीन दिवसीय आधार संशोधन शिविर
प्रेस क्लब अध्यक्ष राधे कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि पत्रकार अक्सर दूसरों के कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे अपने जरूरी काम छूट जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पत्रकारों और उनके परिवार के लिए 10, 11व 12अप्रैल को तीन दिवसीय आधार संशोधन शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में आधार कार्ड से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जिससे पत्रकारों को बड़ी राहत मिलेगी।

