मिडल ईस्ट में कोहराम: रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला, ट्रंप का बड़ा बयान—"5 हफ्ते तक चल सकता है सैन्य अभियान"

  • Share on :

तेहरान। पश्चिम एशिया में बीते कुछ दिनों से दहशत का माहौल है।  इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव का आज (03 मार्च) चौथा दिन है। इस बीच तनाव और ज्यादा बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका और इस्राइल की संयुक्त कार्रवाई के बाद ईरान के भी चुप नहीं है और ताबड़तोड़ पलटवार कर रहा है। सऊदी, कतर और कुवैत सहित कई अरब देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर ईरान बमबारी कर रहा है। 
इधर, इस्राइल की सेना का तेहरान और बेरूत पर लगातार हमला जारी है। वहीं ईरान की ओर से भेजे गए दो ड्रोन रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास के पास गिरे। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ईरान ने कुवैत में अमेरिका के आरिफजान बेस पर हमला किया है। 
व्हाइट हाउस में दिए बयान में अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह सैन्य अभियान 4 से 5 सप्ताह तक चल सकता है और जरूरत पड़ने पर इससे अधिक समय तक भी जारी रह सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई कर रही है।
इधर, अमेरिका विदेश विभाग ने अपने नागरिकों से गंभीर सुरक्षा जोखिमों के चलते खाड़ी देशों को तुरंत छोड़ने को कहा है। इन देशों में बहरीन, कुवैत, मिस्र, लेबनान, ईरान, ओमान, इराक, कतर, इस्राइल, वेस्ट बैंक और गाजा, सऊदी अरब, सीरिया, जॉर्डन, यूएई और यमन शामिल हैं
अमेरिकी अधिकारियों ने सऊदी अरब में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों से तत्काल सुरक्षित स्थान पर रहने और रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास से दूर रहने का आग्रह किया है। दूतावास पर दो ड्रोन हमले किए गए थे। अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर कहा कि जेद्दा, रियाद और ढाहरान में शरण लेने की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही क्षेत्र में किसी भी सैन्य ठिकाने पर गैर-जरूरी यात्रा से बचने को कहा गया है। सऊदी अधिकारियों के अनुसार हमले में 'सीमित आग' लगी और मामूली नुकसान हुआ।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper