देपालपुर क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई
तीन जेसीबी मशीन और एक डंपर को किया जप्त
इन्दौर। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में इंदौर जिले में अवैध उत्खनन के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी सिलसिले में खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ग्राम बोरिया तहसील देपालपुर की निजी भूमि पर खनिज मिट्टी के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही की गई। खनिज विभाग की इस कार्यवाही में अवैध उत्खनन करते हुए तीन जेसीबी मशीन व एक डंपर जप्त किए गये।
जांच कार्यवाही के दौरान पूछताछ करने पर उक्त मशीनें अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर बताई गई। इसमें एक जेसीबी मशीन क्रमांक MP 09GF7426 मालिक गोकुल चौधरी निवासी कलारिया के नाम पर बताई गई और दूसरी जेसीबी बिना नंबर लिखी गोकुल दरबार निवासी अहिरखेड़ी इंदौर का होना बताया गया। एक डंपर क्रमांक MP09DW7126 व तीसरी जेसीबी मशीन क्रमांक MP09KD 8884 मालिक रमेश प्रजापति निवासी महेश नगर इंदौर का होना बताया गया। उक्त सभी मशीनों के द्वारा खनिज मिट्टी का उत्खनन बिना वैधानिक अनुमति के किया जाना पाया गया।
अवैध उत्खनन में संलिप्त पायी गईं सभी चारों मशीनों एवं डम्पर वाहन को आगामी आदेश तक पुलिस थाना गांधीनगर की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। प्रकरण में मध्य प्रदेश (अवैध खनन , परिवहन तथा भंडारण का निवारण ) नियम 2022 के अंतर्गत अवैध खनन का प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा। कार्यवाही श्री आलोक अग्रवाल सहायक खनि अधिकारी इंदौर द्वारा अपने अमले के साथ की गई।

