मंत्री शाह ने दी चेतावनी- मदरसों, गुरुद्वारों और स्कूलों को झंडा वंदन और राष्ट्रगान गाना पड़ेगा

  • Share on :

खंडवा। अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में बने रहने वाले मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह का ताज़ा बयान भी सुर्खियों में है, जिसमें वो गुरुद्वारा, मदरसा और स्कूल को मीडिया के सामने चेतावनी देते नजर आ रहे हैं कि उन्हें झंडा वंदन करना पड़ेगा। यही नहीं मंत्री शाह आगे यह भी चेतावनी भरे अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं कि इन्हें जन गण मन भी गाना पड़ेगा। मंत्री विजय शाह शुक्रवार को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के भाजपा कार्यालय में मीडिया के सामने बजट पर चर्चा करने पहुंचे थे। यहां एक सवाल के जवाब में उन्होंने गुरुद्वारा और मदरसों को लेकर ये टिप्पणी की।
मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह बीते माह से लगातार धार्मिक शिक्षण संस्थाओं में जन गण मन गाने और झंडा वंदन करने को लेकर विवादित बयान देते रहे हैं। इसी बीच मंत्री शाह शुक्रवार को खंडवा जिले के भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। यहां वे मध्य प्रदेश सरकार के बजट पर मीडिया के सामने चर्चा कर रहे थे। हालांकि इस दौरान मंत्री शाह ने कई और घोषणाएं भी कीं, तो वहीं आने वाले समय में खंडवा सहित प्रदेश के लिए किए जाने वाले विकास के कार्यों की भी रूपरेखा गिनाई। इस दौरान मीडिया ने जब मंत्री विजय शाह से पूछा कि बीते दिनों आपके बयान को लेकर मुख्यमंत्री ने भी गंभीरता दिखाई थी कि धीरे-धीरे सब चीजें बंद होंगी, क्या उनका इशारा मदरसों को लेकर था? तब मंत्री शाह ने स्पष्ट किया कि नहीं हम काहे को बंद करेंगे मदरसे। इस तरह मंत्री शाह ने बता दिया कि उनकी सरकार मदरसों को बंद करने की बात नहीं कह रही थी।
वहीं, इसके साथ ही प्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य और लोक परिसम्पत्ति मंत्री डॉक्टर कुंवर विजय शाह ने चेतावनी भरे अंदाज में मीडिया के सामने कहा कि कोई भी शिक्षण संस्था चाहे गुरुद्वारा हो, मदरसे हों, स्कूल हों, झंडा वंदन करना पड़ेगा भाई साहब। मंत्री शाह यहीं नहीं रुके उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में ये भी कहा कि जन गण मन गाना पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश प्रेम और राष्ट्रभक्ति के लिए अगर हम झंडा वंदन और राष्ट्रगान नहीं गाएंगे, तो फिर सॉरी, आपको मदद नहीं दे पाएंगे।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper