दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने फीता काटकर किया मेले का आगाज़

  • Share on :

सांदीपनी महाविद्यालय परिसर में उमड़ी विद्यार्थियों और पालकों की भीड़
रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री मिलने से अभिभावकों को मिली आर्थिक राहत।
दिलीप पाटीदार 
धार।  कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के मार्गदर्शन में आज धार जिले के सांदीपनी महाविद्यालय परिसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। मेले में गणवेश का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती नीना वर्मा रहीं, जिन्होंने फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा बोडाने सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का सूक्ष्म अवलोकन किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं व व्यवस्थाओं की सराहना की।
 अभिभावकों और विद्यार्थियों में भारी उत्साह 
मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके अभिभावक शैक्षणिक सामग्री खरीदने पहुँचे। बाजार से कम और रियायती दरों पर पुस्तकें व गणवेश उपलब्ध होने के कारण लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। अभिभावकों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कम कीमतों में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री मिलने से उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
 विक्रेताओं ने जताया सकारात्मक रुख 
मेले में स्टॉल लगाने वाले व्यापारियों और पुस्तक विक्रेताओं ने भी आयोजन के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया। विक्रेताओं के अनुसार, शुभारंभ के साथ ही उन्हें ग्राहकों का बेहतर प्रतिसाद मिला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के इस साझा मंच से उन्हें अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक सीधे पहुँचने का अवसर प्राप्त हुआ है।

शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रयास
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को सुलभ और सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इस प्रकार के मेलों से न केवल पालकों की परेशानी कम होती है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक वातावरण और जागरूकता का संचार होता है।
    यह मेला आगामी 10 अप्रैल 2026 तक सांदीपनी महाविद्यालय परिसर में जारी रहेगा, जहाँ नागरिक अपनी आवश्यकतानुसार सामग्री का क्रय कर सकेंगे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper