आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने महिलाओं से किया संवाद
आंगनवाड़ी केंद्र सहना टोला मेहंदवानी में आयोजित हुआ कार्यक्रम, बच्चों को मिठाई एवं फल वितरित
मेहंदवानी। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 17 सितंबर से प्रारंभ किए गए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 29 सितंबर को महिला एवं बाल विकास परियोजना मेहंदवानी के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र सहना टोला मेहंदवानी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक माननीय ओमप्रकाश धुर्वे जी का आगमन हुआ। विधायक श्री धुर्वे द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों को मिठाई एवं फल का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने आंगनवाड़ी केंद्र पर उपस्थित महिलाओं एवं हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, पोषण योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली तथा योजनाओं से लाभान्वित हो रही महिलाओं से चर्चा की।
विधायक ने महिलाओं से योजनाओं के माध्यम से मिल रहे लाभों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री माताओं के लिए पोषण के महत्व के बारे में भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक देखभाल से जुड़ी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं को बच्चों के संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा पोषण संबंधी आवश्यकताओं के प्रति जागरूक किया गया।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों से समुदाय के जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। सहना टोला में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।

