अप्रैल में 'मॉनसून' जैसा अहसास: यूपी, बिहार और दिल्ली में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, IMD ने जारी किया सुरक्षा अलर्ट
अप्रैल के महीने की शुरुआत ही तूफानी बारिश के साथ हुई है और यह सिलसिला अभी थमने वाला भी नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 और 8 अप्रैल को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में अपने तेवर दिखाने वाला है। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, यूपी-बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल में आंधी के साथ मध्यम से तीव्र बारिश का अलर्ट जारी किया है। कम से कम 9 राज्यों में मौसम में बड़ा बदलाव होगा और तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री नीचे रह सकता है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर के राज्यों में बादलों की आवाजाही जारी है। रविवार को कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। 06 अप्रैल को भी ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। वहीं 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आंधी-पानी की संभावना है
राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज अभी बिगड़े रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 अप्रैल को हल्की धूप खुल सकती है लेकिन शाम तक मौसम फिर करवट बदलने लगेगा। 7 और 8 अप्रैल को फिर से बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान वज्रपात की भी संभावना है ऐसे में प्रयास करें कि बारिश के दौरान घरों से बाहर ना निकलें।
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी की राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में सोमवार को बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, महोबा, फइरोजाबाद, झांसी, जालौन, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बात करें बिहार की तो पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, गया, पटना, कैमूर और औरंगाबाद में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

