मॉनसून का तांडव: उत्तर और मध्य भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

  • Share on :

नई दिल्ली. देश के कई हिस्सों में गुरुवार (20 अगस्त) को मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश का प्रमुख कारण है.
यह सिस्टम 19 अगस्त को सुबह 11:30 बजे डिप्रेशन से कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया. इसके अगले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से गुजरते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है. इसके साथ ही मॉनसून ट्रफ फिरोजपुर, करनाल और हरदोई से होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र तक और फिर दीघा से पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इन दोनों वेदर सिस्टम के असर से उत्तर और मध्य भारत में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश मौजूदा मौसम सिस्टम से प्रभावित प्रमुख राज्यों में शामिल है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 और 22 अगस्त को अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त और फिर 21-22 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है. इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चल सकती है.
पूर्वी मध्य प्रदेश में 25 अगस्त तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 20 से 23 अगस्त के बीच बारिश का दौर बना रह सकता है. छत्तीसगढ़ में भी 20 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली-NCR में 20 अगस्त को बारिश का दायरा दूसरे प्रभावित राज्यों की तुलना में सीमित रह सकता है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
उत्तराखंड के कई जिलों में 20 अगस्त को भारी बारिश और गरज के साथ बौछारों की चेतावनी है. नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवा चल सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper