पहली मिनी बुलेट ट्रेन नमो भारत, देश की सबसे तेज ट्रेन

  • Share on :

गाजियाबाद।  दिल्ली-एनसीआर को जिस रैपिड रेल का पिछले कई सालों से इंतजार था वह अब पटरी पर रफ्तार भरने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों शुक्रवार को उद्घाटन होने के बाद शनिवार से आम लोग इसमें सफर कर सकेंगे। पहले सफर से पहले इसका नया नामकरण भी कर दिया गया है। देश की पहली मिनी बुलेट ट्रेन को अब 'नमो भारत' के नाम से जाना जाएगा। दिल्ली-मेरठ के बीच इस रूट पर अभी ट्रेन 17 किलोमीटर ही दौड़ेगी। साहिबाबाद से दुहाई के बीच 5 स्टेशन का सफर होगा। आइए हम आपको इससे जुड़ी हर खास बात बताते हैं।
स्पीड- नमो भारत रैपिड रेल की अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। हालांकि, अभी इसे अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। ट्रेन की औसत गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। मौजूदा समय में नमो भारत देश की सबसे तेज स्पीड से दौड़ने वाली ट्रेन है। वंदे भारत स्पीड की अधिकतम गति अभी 130 किलोमीटर प्रति घंटे की है। हालांकि, वंदे भारत को भी 180 की स्पीड तक दौड़ने के लिए डिजाइन किया गया है।
स्टेशन- अभी ट्रेन 5 स्टेशन का सफर करेगी। इनमें साहिबादा, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई और दुहाई डिपो स्टेशन शामिल हैं। दिल्ली से मेरठ तक कुल 25 स्टेशन होंगे, जिनमें 4 भूमिगत स्टेशन हैं। सभी स्टेशन-सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, जंगपुरा, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नार्थ, मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रह्रमपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौराला मेट्रो,  मेरठ नार्थ, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो।
किराया भी कम- देश की सबसे तेज और हाईटेक ट्रेन में किराया भी काफी कम रखा गया है। ट्रेन में स्टैंडर्ड और प्रीमियम दो तरह के कोच लगाए गए हैं। दोनों ही क्लास के लिए किराया भी अलग है। स्टैंडर्ड कोच में न्यूनतम 20 रुपए से अधिकतम 50 रुपए का किराया है। मसलन, शाहिबाबाद से गुलधर से गाजियाबाद से गुलधर जाने के लिए आपको 20 रुपए देने होंगे, जबकि साहिबाबाद से दुहाई डिपो जाने के लिए 50 रुपए किराया लगेगा। वहीं, प्रीमियम क्लास में न्यूनतम किराया 40 रुपए और अधिकम 100 रुपए है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper