राष्ट्रीय मतदाता दिवस: PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, कहा- 'मतदाता बनना उत्सव मनाने का गौरवशाली मौका'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना उत्सव मनाने का एक गौरवशाली मौका है। उन्होंने 'माई भारत' (MY-Bharat) के स्वयंसेवकों को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने आग्रह किया है कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो इस खुशी को मिलकर मनाना चाहिए।
इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स एक पत्र साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, प्यारे देशवासियो राष्ट्रीय मतदाता दिवस की आपको, आपके परिवारजनों और मित्रों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। देश के एक नागरिक के रूप में आपसे जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आप सभी की तरह भारतीय लोकतंत्र पर मुझे भी अत्यंत गर्व है।
भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है और यह सही भी है। हमें इस बात पर भी गर्व है कि भारत लोकतंत्र की जननी है, जिसके लोकतांत्रिक मूल्यों का इतिहास सदियों पुराना है। लोकतंत्र, बहस और संवाद हमारी संस्कृति में रचे-बसे हैं। देश में आम चुनाव की शुरुआत 1951 में हुई थी, यानि इस वर्ष हम उसके 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। 1952 में संपत हुए इस चुनाव ने दुनिया को बताया कि लोकतांत्रिक भावना भारतीयों के स्वभाव में समाहित है।
लोकतंत्र में मतदाता होना विशेषाधिकार के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मतदान एक संवैधानिक अधिकार है, जो भारत के भविष्य में उसके नागरिकों की भागीदारी का प्रतीक है। मतदाता देश का भाग्यविधाता होता है। मतदान के अवसर पर उंगली पर लगने वाली अमिट स्याही बताती है कि हमारा लोकतंत्र बहुत जीवंत है और इसका उद्देश्य काफी बड़ा है।
उन्होंने आगे कहा, आपके मित्रों या रिश्तेदारों में कई ऐसे युवा हो सकते हैं, जो पहली बार वोटर बन रहे हैं। उनके जीवन के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण क्षण है। पहली बार मतदाता बनने वालों का लोकतंत्र में इसलिए भरपूर स्वागत होना चाहिए, क्योंकि उनके पास देश के भाग्य को बदलने की क्षमता है।
साभार अमर उजाला

