शासकीय योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे लाभ: संभागायुक्त श्री मनोज खत्री
संभागायुक्त ने की आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कोलारस में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा; तय समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
शिवपुरी ब्यूरो हेमंत भार्गव
शिवपुरी, 21 जुलाई 2026/ जिले के दो विकासखंड कोलारस और पिछोर को आकांक्षी विकासखंड के रूप में शामिल किया गया है। गत दिवस संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने कोलारस ब्लॉक की समीक्षा की। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, जिला पंचायत सीईओ विजय राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पेयजल, कृषि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने जून और जुलाई माह की उपलब्धियों की तुलना करते हुए प्रगति में आई कमी के कारण की जानकारी ली। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को क्षेत्र के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और शौचालयों की स्थिति की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में भी शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही कुपोषित बच्चों (एसएएम एवं एमएएम) की नियमित निगरानी कर उन्हें समय पर उपचार और पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीडीपीओ को पिछले तीन माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा सुपरवाइजर स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने संस्थागत प्रसव, एएनसी जांच, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम तथा अस्पतालों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की समय पर जांच और सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। जिन गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धि कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर सुधार किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने तथा लोगों के इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाने के कारणों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। अस्पताल भवनों के निर्माण में हो रही देरी पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त श्री खत्री ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों को राशि जारी होने के बावजूद लंबे समय से आवास निर्माण पूरा नहीं हुआ है, उनकी अलग से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति का विवरण तैयार करने और बिजली विभाग तथा बीएसएनएल के साथ समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने पीएम-किसान योजना के हितग्राहियों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ वास्तविक किसानों को मिल सके। उन्होंने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को भ्रमण कर योजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में संभागायुक्त श्री मनोज ख़तरा ने शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यालयों की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, उनकी सूची तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। संदीपनी विद्यालयों की परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर को बस संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए समिति गठित करने तथा एसडीएम को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में संभागायुक्त श्री मनोज खत्री ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की सभी योजनाओं का लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, नियमित समीक्षा करें और तय समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण कर विकास कार्यों में गति लाएं।

