पड़ोसी धर्म: नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बना भारत, C-130J के बाद अब C-17 से पहुंच रही मदद

  • Share on :

नई दिल्ली. नेपाल में तिब्बत सीमा के पास आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने राहत और बचाव के लिए मदद तेज कर दी है. भारत अब गुरुवार सुबह दिल्ली के हिंडन एयरबेस से C-17 सैन्य परिवहन विमान के जरिए 35 टन से ज्यादा राहत सामग्री नेपाल भेजने जा रहा है. विमान के सुबह करीब 9 बजे रवाना होने की उम्मीद है. यह राहत अभियान भारत की तरफ से भेजी जा रही अतिरिक्त मानवीय सहायता का हिस्सा है.
भारत ने बुधवार रात राहत सामग्री की पहली खेप नेपाल भेजी थी. भारतीय वायुसेना के C-130J विमान से करीब 10 टन मानवीय सहायता और जरूरी मेडिकल सामान काठमांडू पहुंचाया गया. इसमें अस्थायी आश्रय, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल थीं.
नेपाल में आई फ्लैश फ्लड से अब तक कम से कम 163 लोगों की मौत की खबर है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. बाढ़ ने नेपाल-तिब्बत सीमा से जुड़े इलाकों में भारी तबाही मचाई है.नकई जगह सड़क, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हुई हैं.
राहत सामग्री भेजने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की थी. पीएम मोदी ने नेपाल के लोगों के प्रति एकजुटता जताते हुए हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि भारत की टीमें नेपाल में राहत और बचाव प्रयासों के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय कर रही हैं.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper