नेपाल में दोहरी आफत: बाढ़ के बीच भोटेकोशी नदी का बहाव बढ़ने से हड़कंप; रसुवा में सुरंग के भीतर फंसे 600 लोग
काठमांडू. नेपाल पहले से भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है. अब भोटेकोशी नदी को लेकर नई चिंता सामने आई है. रसुवा जिला प्रशासन को नदी में पानी का बहाव बढ़ने की आवाज सुनाई दी है. राहत की बात यह है कि फिलहाल नदी किनारे के इलाकों में बड़ी बाढ़ का खतरा नहीं है. पानी का बहाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है.
रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी नरेंद्र परियार के मुताबिक, भोटेकोशी नदी में रात करीब 3 बजे के बाद पानी का बहाव अचानक बढ़ गया था. हालांकि, अब इसकी रफ्तार धीरे-धीरे कम हो रही है. नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने को कहा है. वहीं, बाढ़ पूर्वानुमान महाशाखा ने साफ किया है कि फिलहाल नदी के आसपास बड़े पैमाने पर बाढ़ का खतरा नहीं है.. प्रशासन हालात पर नजर रख रहा है. नई जानकारी मिलने पर आगे अपडेट दिया जाएगा.
भोटेकोशी नदी नेपाल के उन इलाकों से होकर गुजरती है, जो हाल की बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. ऐसे में नदी में अचानक बढ़ता बहाव लोगों की चिंता बढ़ा रहा है. प्रशासन की अपील का मकसद यही है कि लोग खतरा बढ़ने से पहले सुरक्षित जगहों पर रहें.
इस बीच रसुवा में बाढ़ की वजह से करीब 600 लोग एक सुरंग में फंसे हुए हैं. उनका बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी शुरू नहीं हो सका है. संबंधित परियोजनाओं के मुताबिक, बचाव के लिए जरूरी कर्मचारी, विशेषज्ञ और उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं. सरकारी स्तर पर तैयारी की कमी के चलते भी अभियान में देरी हो रही है. फंसे लोगों को बाहर निकालना इस समय सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. सुरंग के भीतर लोगों की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.
साभार आज तक

