आतंकी साजिश की नई परतें: बिजनौर पिकअप कांड की जांच तेज, पाक हैंडलर से जुड़े तार
लखनऊ। बिजनौर में चार मार्च को पिकअप में आग लगाकर उसका वीडियो टेलीग्राम पर साझा किए जाने की घटना की तह तक पहुंचने के लिए जांच एजेंसियों ने नए सिरे से अपनी छानबीन शुरू की है। लखनऊ में शुक्रवार को चार संदिग्ध आतंकियों के पकड़े जाने के बाद बिजनौर जैसी अन्य घटनाओं पर निगाह गड़ाने के साथ ही सभी जिलों में संदिग्धों की निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। ऐसे कई गिरोह समूह सक्रिय हैं।
सूत्रों के अनुसार बिजनौर में जलाई गई पिकअप का वीडियो टेलीग्राम के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे हैंडलर अबुबकर तक गया था। जिसे देखकर उसने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे बेहद छोटी घटना बताया था। कहा था कि और बड़ी घटना करो, तब रकम मिलेगी। जांच एजेंसियों बिजनौर में हुई इस घटना के बाद से सक्रिय है। एनआई ने अबुजर से भी पूछताछ की थी। तब अबुजर को धार्मिक चिह्न देखकर पिकअप में आग लगाने की घटना के बाद भी कोई रकम अदा नहीं की गई थी।
बिजनौर का अबुजर टेलीग्राम पर जिस ग्रुप से जुड़ा था, उसमें केवल पांच सदस्य थे। इनमें अबुजर समेत तीन आरोपी पकड़े गए थे। ग्रुप से अबुबकर भी जुड़ा था पर उसका नंबर और लोकेशन पुलिस ट्रेस नहीं कर सकी थी। ग्रुप के एडमिन रहे सैय्यद की तलाश जारी है। जांच एजेंसियों की नजर संदिग्ध आतंकियों को टेलीग्राम व सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर जोड़े गए ग्रुपों पर हैं, जिनसे पाकिस्तानी हैंडलर अबुबकर भी किसी न किसी के माध्यम से जुड़ा है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

