निबे लिमिटेड की 'वायु अस्त्र' प्रणाली का सफल प्रदर्शन; रक्षा क्षेत्र में भारत की एक और बड़ी छलांग
नई दिल्ली। भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूती देने की दिशा में पुणे की रक्षा कंपनी निबे लिमिटेड ने बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है। कंपनी ने कहा कि उसने अपनी 100 किलोमीटर रेंज वाली 'वायु अस्त्र' लोइटरिंग म्यूनिशन प्रणाली का नो-कॉस्ट, नो-कमिटमेंट (NCNC) प्रदर्शन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह परीक्षण राजस्थान के पोखरण और उत्तराखंड के जोशीमठ (मलारी) में आयोजित किए गए।
दरअसल, नो-कॉस्ट, नो-कमिटमेंट (NCNC) प्रदर्शन रक्षा खरीद प्रक्रिया का एक ट्रायल सिस्टम होता है। इसमें कोई रक्षा कंपनी अपनी तकनीक, हथियार या सिस्टम का प्रदर्शन सेना या रक्षा मंत्रालय के सामने करती है।
कंपनी के बयान के अनुसार, पोखरण में 18 और 19 अप्रैल को जबकि जोशीमठ (मलारी) में 26 और 27 अप्रैल को परीक्षण किए गए। ‘वायु अस्त्र-1’ लोइटरिंग म्यूनिशन के एंटी-पर्सनल वैरिएंट ने राजस्थान के पोखरण रेंज में अपना पहला एनसीएनसी प्रदर्शन सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान प्रणाली ने 10 किलोग्राम वारहेड के साथ लक्ष्य को साधा।
रक्षा मंत्रालय की पूंजीगत खरीद प्रक्रिया में उत्पाद परीक्षण नो-कॉस्ट, नो-कमिटमेंट (NCNC) आधार पर किए जाते हैं। इसका मतलब है कि सरकार परीक्षण के लिए कोई भुगतान नहीं करती और न ही बाद में उत्पाद खरीदने की बाध्यता होती है।
साभार अमर उजाला

