राजधानी में 'निर्भया' जैसी दरिंदगी: समय पूछने पर महिला को बस में खींचा, 7 किलोमीटर तक किया सामूहिक दुष्कर्म

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली के रानी बाग इलाके में सोमवार देर रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। 30 साल की एक महिला का अपहरण कर चलती हुई स्लीपर बस में गैंगरेप किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया है और पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पीड़िता रजिया (परिवर्तित नाम) पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्टरी में काम करती है। सोमवार रात काम खत्म कर वह पैदल अपने घर लौट रही थी। जब वह सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास पहुंची, तो वहां एक स्लीपर बस रुकी। पीड़िता ने बस के दरवाजे पर खड़े एक युवक से समय पूछा, लेकिन जवाब देने के बजाय आरोपियों ने उसे जबरन बस के भीतर खींच लिया।
पीड़िता के अनुसार, बस के अंदर खींचते ही आरोपियों ने दरवाजा बंद कर दिया और चालक को बस चलाने के लिए कहा। चलती बस में दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। यह घटनाक्रम नांगलोई मेट्रो स्टेशन तक करीब सात किलोमीटर तक चलता रहा। करीब दो घंटे तक यौन शोषण करने के बाद, रात करीब दो बजे आरोपियों ने पीड़िता को खून से लथपथ हालत में सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।
वारदात के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस को फोन किया। शुरुआती कॉल नांगलोई पुलिस स्टेशन को गई, लेकिन घटनास्थल रानी बाग थाना क्षेत्र का होने के कारण मामला वहां ट्रांसफर किया गया। सूचना मिलते ही रानी बाग पुलिस सक्रिय हुई। एक महिला उप-निरीक्षक ने पीड़िता को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल परीक्षण में रेप की पुष्टि हुई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper