फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर 7 पटवारियों को नोटिस, आठ पंचायतों के सचिव एवं रोजगार सहायकों का वेतन कटा
साहिल खान
शहडोल। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देशन में जिले में फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी से संबंधित कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग ने सख्त कार्रवाई करते हुए सात पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित पटवारियों को तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन पटवारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें पटवारी हल्का खेतौली की श्रीमती चित्रा धर्या, पटवारी हल्का हर्रा-98 के श्री राजेश्वर मेहरा, पटवारी हल्का भानपुर-105 के श्री निलेश पांडे, पटवारी हल्का बिरूहली के श्री सूर्यभानु सिंह, पटवारी हल्का कटकोना की श्रीमती ज्योति मिश्रा, पटवारी हल्का छाता के श्री सुजीत श्रीवास्तव तथा पटवारी हल्का खोह के श्री रफीक खान शामिल हैं। इन सभी से फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसी क्रम में फार्मर आईडी के कार्य के लिए लगाई गई ड्यूटी में अनुपस्थित रहने पर ग्राम पंचायत बरुका, कंचनपुर, हर्रा टोला, नवलपुर, पंचगाव, सिंदूरी, श्यामडीह एवं गोरतरा के सचिवों एवं रोजगार सहायकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग ने संबंधित सचिवों एवं रोजगार सहायकों का एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शासन की प्राथमिकता वाले फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

