अधिकारियों ने आधा दर्जन से अधिक शासकीय स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का किया आकलन
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी। नगर निगम सीमा अंतर्गत संचालित शासकीय स्कूलों में उपलब्ध व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को पठन-पाठन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निगम अधिकारियों, सहायक यंत्री आदेश जैन एवं उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी द्वारा विभिन्न शासकीय स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, कक्षों की स्थिति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर उनका आकलन किया गया
इन स्कूलों का किया निरीक्षण
निगम अधिकारियों द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला मंगल नगर, प्राथमिक शाला छपरवाह, प्राथमिक शाला बिलगवां, माध्यमिक विद्यालय एन के जे, प्राथमिक विद्यालय कुठला, प्राथमिक विद्यालय पुरैनी, प्राथमिक शाला पहरुआ स्कूल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया।
सुधार एवं रखरखाव के बिंदु चिन्हित
इस दौरान अधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर एवं कक्षाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार एवं रखरखाव से संबंधित बिंदुओं को चिन्हित किया गया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से भी चर्चा कर विद्यार्थियों की आवश्यकताओं तथा स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
नगर निगम प्रशासन ने निर्देशित किया है कि निगम सीमा अंतर्गत संचालित शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुदृढ़ किया जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर पठन-पाठन की सुविधा मिल सके।

