गांधी जयंती पर दून पब्लिक स्कूल के छात्रों ने निकाली स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
शिवपुरी : माधव चौक चौराहा
गांधी जयंती के शुभ अवसर पर दून पब्लिक स्कूल (सीआरपीएफ कैंपस) के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 60 से 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
माधव चौक चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने एक नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक के जरिए पॉलीथिन व सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया। छात्रों ने लोगों से पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपड़े और कागज की थैली इस्तेमाल करने की अपील की, ताकि पर्यावरण प्रदूषण को रोका जा सके और प्लास्टिक खाने से पशुओं की होने वाली मौतों पर अंकुश लगाया जा सके।
स्कूल के प्रतिनिधि ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से संचालित इस विद्यालय में कक्षा 12वीं तक के लगभग 600 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हमेशा से स्वच्छता के प्रबल समर्थक रहे हैं, और इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए छात्रों ने सार्वजनिक स्थल पर यह प्रस्तुति दी है।

