जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर के निर्देश पर जनपद सीईओ ढीमरखेड़ा ने चार ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण कर लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी । जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन एवं अन्य संचालित गतिविधियों के साथ जल जीवन मिशन द्वारा निर्मित परियोजनाओं एवं स्वीकृत निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी ने किया। श्री कोरी ने माध्यमिक शाला सिलोड़ी बाजार मोहल्ला, ग्राम पंचायत नेगई, तिलमन और घाना पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्धता, उपस्थिति पंजी, हैंड वॉश यूनिट, सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण व कूप मरम्मत कार्य, खेल मैदान बैठक व्यवस्था, सामुदायिक और पंचायत भवन सहित जल जीवन मिशन द्वारा निर्माणधीन नल जल योजना और पानी की टंकी का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। श्री कोरी ने अपूर्ण एवं प्रगतिरत निर्माण कार्यों को तकनीकी मापदंडों का पालन करते हुए तत्परतापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं उपयन्त्रियों को दिए। शाला में शिक्षकों की अनुपस्थिति एवं छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षकों को यथोचित निर्देश दिए। घाना में नल जल योजना को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु ठेकेदार को निर्देशित किया। इस दौरान सरपंच जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

