दोषियों का 'ऑन द स्पॉट' हिसाब: देहरादून में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में दोनों शूटरों के पैर में लगी गोली

  • Share on :

देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट में शहीद कर्नल आरसी शर्मा के पुत्र और गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपी पुलिस संग मुठभेड़ में घायल हुए हैं। शहर में चल रही सघन नाकेबंदी और तलाशी अभियान के दौरान यह कार्रवाई दो अलग-अलग स्थानों पर हुई।
पुलिस के अनुसार, पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां संदिग्धों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर दूसरी कार्रवाई लालतप्पड़ क्षेत्र की एक खंडहर पड़ी फैक्ट्री में की गई। यहां भी पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दूसरे आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों घायलों को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर आरोपियों की स्थिति और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper