संसद से निर्वाचन सदन तक विपक्षी सांसदों का मार्च: पुलिस ने रोका तो सड़क पर ही धरने पर बैठे राहुल और प्रियंका

  • Share on :

नई दिल्ली. INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों का SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ संसद से सड़क तक मार्च शुरू हो गया है. INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निकलकर निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहे हैं.
मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विपक्ष के इस विरोध मार्च में कई पार्टियों के नेता और सांसद शामिल हुए हैं. निर्वाचन सदन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर INDIA ब्लॉक के नेताओं को रोक दिया है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद वहीं धरने पर बैठ गए हैं. 
प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठे हैं. सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'वोट चोर' के नारे लगा रहे हैं. प्रदर्शन को देखते हुए निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं.
RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान भारी संख्या में मौजूद हैं. दिल्ली पुलिस अब हर प्रोटेस्ट में बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी कर रही है. नई दिल्ली इलाके के डीसीपी सचिन शर्मा भी अब बॉडी कैमरा लगा कर ड्यूटी में तैनात हैं. 
नई दिल्ली ज़िले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां तैनात की गई हैं. बता दें, आम तौर पर एक पुलिस कंपनी में 100-115 जवान होते हैं. संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर के पास और निर्वाचन सदन, आदि अहम जगहों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं. 
दिल्ली पुलिस ने मार्च के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है. कनॉट प्लेस, पटेल चौक- मुख्य डाक घर, विंडसर प्लेस- मुख्य डाक घर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. 
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper