ब्रह्मलीन लक्ष्मण सिंह गौड़ की स्मृति में मां बगलामुखी यात्रा का आयोजन

  • Share on :

पत्रकार:-  खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में ब्रह्मलीन श्री लक्ष्मण सिंह गौड़ की पावन स्मृति एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 की विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ के सान्निध्य में एक दिवसीय मां बगलामुखी यात्रा का आयोजन किया गया। द्वारकापुरी स्थित साईं मंदिर से यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागिता की।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर हिंदूवादी नेता एकलव्य सिंह गौड़, भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, यात्रा संचालक रोहित यादव, लखन देपाले सहित अन्य अतिथियों ने बसों की पूजा-अर्चना कर भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान अतिथियों का फूल-माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
यात्रा में शामिल मातृशक्ति पीले वस्त्रों में नजर आईं। ढोल-ताशों की धुन पर महिलाओं ने उत्साह के साथ नृत्य किया। यात्रा को लेकर मातृशक्ति में खासा उत्साह देखने को मिला।
मीडिया से चर्चा करते हुए हिंदूवादी नेता एकलव्य सिंह गौड़ ने कहा कि मां बगलामुखी यात्रा का यह पहला वर्ष है और रोहित यादव के नेतृत्व में इसका आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोहित यादव लगातार धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं और धर्म के प्रति समर्पित होकर कार्य करते हैं। उन्होंने यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति को एक ही परिधान में पीले वस्त्रों में देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
यात्रा को पूरी तरह निशुल्क रखा गया। आयोजकों के अनुसार यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए बसों में स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई, वहीं ग्यारस के अवसर पर उपवास रखने वाली मातृशक्ति के लिए अलग से फरियाली भोजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा अन्य श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था रही।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई। आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper