जिले की 11 हजार से अधिक किशोरियों को लगा एचपीव्ही का टीका
शासकीय अस्पतालों में नि:शुल्क लगाया जा रहा है टीका
कलेक्टर श्री तिवारी ने किशोरी बालिकाओं के माता-पिता और अभिभावकों से की अपील
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी । किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 28 फरवरी से शुरू हुये एचपीव्ही (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के टीकाकरण अभियान के तहत जिले को एचपीवी टीकाकरण के लिए मिले 12 हजार 613 लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 11 हजार 706 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 92.8 फीसदी है। जिले को मिले लक्ष्य की पूर्ति मई माह तक करना है। लेकिन कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा इसकी सतत समीक्षा व पर्यवेक्षण की वजह से टीकाकरण कार्य में तेजी आई है।
ढीमरखेड़ा ने पूरा किया लक्ष्य
टीकाकरण के मामले में ढीमरखेड़ा ने 100 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया है। जबकि कटनी नगर 98 फीसदी लक्ष्य पूरा कर दूसरे स्थान पर है। इसी प्रकार 96 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर बरही तीसरे और 91 फीसदी लक्ष्य पूरा कर रीठी व विजयराघवगढ़ चौथे स्थान पर है। जबकि 90 फीसदी के साथ बड़वारा पांचवें, 88 फीसदी के साथ मुड़वारा छठें और 87 फीसदी के साथ बहोरीबंद अंतिम स्थान पर है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो गया है। अधिकाशतः 14-15 वर्ष की किशोरी बालिकायें कक्षा 8वीं, 9वीं,10 वीं में अध्ययनरत होती हैं। इन्हें सवाईकल कैंसर की बीमारी और इससे बचाव तथा एचपीव्ही टीकाकरण के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करें।

