पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी का खौफनाक प्लान: अमृतसर में सैन्य ठिकानों की रेकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
नई दिल्ली। पंजाब में बड़ी आतंकवादी घटना की साजिश रचे जाने की आशंका है। खबर है कि खुफिया एजेंसियों ने राज्य में अलर्ट जारी किया है। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का प्लान बनाया है और इसके लिए दो स्थानों की रेकी की गई है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, खुफिया इनपुट हैं कि पाकिस्तानी गुर्गे अमृतसर जिले में सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकते हैं। यह जानकारी पंजाब पुलिस समेत अन्य एजेंसियों के साथ शेयर कर दी गई है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों कहा गया है कि इस इनपुट को बेहद गंभीरता से लिया जाए और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा को बढ़ा दिया जाए।
रिपोर्ट के अनुसार, इन दो ऑपरेटिव्स की पहचान राणा भाई और मलिक के तौर पर हुई है। खुफिया इनपुट के हवाले से बताया गया है कि साजिश के तहत खासा छावनी और बेस के पास बूढ़ा ठेह की रेकी की गई है। खास बात है कि खासा छावनी में कुछ समय पहले ही धमाका हुआ था। हालांकि, नुकसान ज्यादा नहीं हुआ था और विस्फोट छावनी की बाउंड्री वॉल के पास हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार, जांचकर्ताओं को यह भी संदेह है कि धमाका पहले से तय प्लान के तहत किया गया था। हालांकि, अब तक पिछली घटना और मौजूदा इनपुट्स के बीच कोई भी तार नहीं मिले हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

