पल्लेकेले में टूटा पाकिस्तान का सपना: श्रीलंका को हराकर भी वर्ल्ड कप से विदाई

  • Share on :

पल्लेकेले। पाकिस्तान का टी20 विश्व कप 2026 में सफर खत्म हो गया है। श्रीलंका के खिलाफ पांच रन से मुकाबला जीतने के बावजूद पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका। शनिवार को पल्लेकेले में खेले गए सुपर-8 के इस अहम मैच में पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 रन या उससे कम पर रोकना था, लेकिन गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे।
पाकिस्तान से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए। हालांकि टीम मैच जीत नहीं सकी, लेकिन उसकी बल्लेबाजी पाकिस्तान के लिए घातक साबित हुई। इस परिणाम के साथ सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही। पथुम निसांका 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कामिल मिशारा 26 रन ही बना सके। चरित असंलका को 25 रन के निजी स्कोर पर अबरार अहमद ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद कामिंडु मेंडिस (3) और जनिथ लियानागे (5) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
एक छोर पर पवन रत्नायके ने पारी संभाले रखी और 37 गेंदों में 58 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, कप्तान दसुन शनाका ने अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए। शनाका ने 19वें ओवर में 18 और आखिरी ओवर में 22 रन बटोरे, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे। शनाका ने तीन छक्के और एक चौका जरूर लगाया, लेकिन अंतिम दो गेंदों पर बड़ा शॉट नहीं खेल सके। पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 212 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 60 गेंदों में शानदार शतक जड़ा, जबकि फखर जमान ने 42 गेंदों में 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 176 रनों की साझेदारी हुई, जो टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारियों में से एक है।
हालांकि, इन दोनों के अलावा पाकिस्तान के अन्य बल्लेबाज पूरी तरह फ्लॉप रहे। कप्तान सलमान आगा और मोहम्मद नवाज बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि शादाब खान सिर्फ 2 रन बना सके। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि दासुन शनाका ने 2 विकेट चटकाए।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper