ईरान युद्ध की आग में झुलसा पाकिस्तान: पेट्रोल-डीजल का भंडार खत्म होने की कगार पर, सरकारी खर्चों में 50% की भारी कटौती
इस्लामाबाद। ईरान और अमेरिका-इजरायल के युद्ध के बीच पाकिस्तान में फ्यूल का बड़ा संकट पैदा हो गया है। ऐसे में पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने अपनी जनता से साफ कह दिया है कि पेट्रोल-डीजल समेत बाकी फ्यूल का इस्तेमाल सीमित कर दें। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में फैसला किया गया है कि सरकारी अधिकारियों के पेट्रोल खर्च में भी कंट्रोल किया जाएगा। पाकिस्तान की सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों को चार दिन का कार्य सप्ताह घोषित करने का आदेश दे दिया है। इसके अलावा यह भी कहा गया है कि जिन विभागों में संभव हो उनमें 50 फीसदी कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम करवाया जाए।
जानकारों का कहना है कि पाकिस्तान में कोरोना काल जैसे नियम लागू कर दिए गए हैं। पाकिस्तान की सरकार को डर सता रहा है कि कहीं ऐसा ना हो कि पेट्रोल-डीजल के भंडार पूरी तरह से खाली हो जाएं। पाकिस्तान सरकार ने अधिकारियों के फ्यूल खर्च में 50 फीसदी की कटौती की है। शहबाज शरीफ के कार्यालय के मुताबिक तेल का आयात कम होने की वजह से भविष्य में संकट दिखाई पड़ रहा है। अगर ईरान युद्ध समाप्त नहीं होता है तो आने वाले समय में संकट बहुत गहरा सकता है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

