पथरिया पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, 11 किलो 60 ग्राम गांजा एवं TUV वाहन सहित ₹12.20 लाख का मशरूका जप्त
घटवार ढाबा के पास गांजा तस्करी का प्रयास विफल, पथरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी कुरवाई श्रीमती रोशनी सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 किलो 60 ग्राम गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त TUV चार पहिया वाहन सहित कुल ₹12,20,000 का मशरूका जप्त कर तीन आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
थाना पथरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि घटवार ढाबा के पास गांजा बेचने के लिए कुछ व्यक्ति मौजूद हैं। सूचना पर थाना प्रभारी पथरिया द्वारा पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध वाहन में सवार व्यक्तियों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर वाहन सहित तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।वाहन एवं आरोपियों की तलाशी लेने पर 11 किलो 60 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,20,000 है, बरामद हुआ। गांजा परिवहन में प्रयुक्त TUV चार पहिया वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,00,000 है, को भी विधिवत जप्त किया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹12,20,000 का मशरूका जप्त किया।
उक्त मामले में थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 152/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सौरभ राजपूत, पिता देवेन्द्र सिंह राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरा, थाना राहतगढ़।
देवेन्द्र सिंह राजपूत, पिता बलदेव सिंह राजपूत, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरा, थाना राहतगढ़ पूरन सिंह लोधी, पिता तोरन सिंह लोधी, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम घाट बमुलिया, जिला अशोकनगर।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया उपनिरीक्षक रोहित कौरव, सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण एक्के, सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप अवस्थी, प्रधान आरक्षक जितेंद्र यादव, भगवानदास कुशवाहा, रघुवीर सिंह मीणा एवं संजेश दुबे, आरक्षक रवि जादौन, शुभेन्द्र सिंह चौहान, जयप्रकाश अहिरवार, सोनू यादव, रवि कुशवाहा, विश्वेष शर्मा, सुखजिंदर सिंह तथा वी एवं सैनिक अनिल बाजपेई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

