गणेश महोत्सव को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक बनी रणनीति
पांडालों में खुले तारों पर रोक, विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था; अतिक्रमण हटाने का भी मिला आश्वासन
करैरा। आगामी गणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को करैरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी विनोद छांवई, नगर परिषद सीएमओ गोपाल गुप्ता, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि सहित समिति के सदस्य एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर विसर्जन तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। गणेश पांडालों में विद्युत सजावट के दौरान खुले तारों का उपयोग नहीं करने तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। वहीं गणेश विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे, साउंड सिस्टम एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करने की अपील की गई।
नगर परिषद द्वारा विसर्जन के दौरान आवश्यक क्रेन/मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। साथ ही नगर के चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई।
थाना प्रभारी विनोद छांवई ने सभी गणेश उत्सव समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक पांडाल समिति एक रजिस्टर रखे, जिसमें पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी दर्ज की जा सके।
यातायात और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान पत्रकारों द्वारा खाद गोदाम के पास एक ही स्थान पर चार पहिया वाहनों के अधिक संख्या में खड़े होने से उत्पन्न होने वाली यातायात जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इस पर नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
वहीं नगर में लंबे समय से चिन्हित अवैध अतिक्रमण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। नगर परिषद सीएमओ गोपाल गुप्ता ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसमें विशेष रूप से महुअर पुल के पास के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई, जिससे आमजन को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
बैठक का उद्देश्य आगामी गणेश महोत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना रहा। प्रशासन एवं पुलिस ने सभी समितियों से सहयोग की अपेक्षा की।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

