PIMS अस्पताल हादसा: एसी का कंप्रेसर फटने से नर्सरी में लगी आग, 15 शिशुओं की मौत; एक को बचाया गया

  • Share on :

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक सरकारी अस्पताल में स्त्री रोग विभाग में लगी आग के कारण 15 नवजात की दर्दनाक मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) में लगी एसी का कंप्रेसर फटने के कारण सुबह 7 बजे के करीब यह हादसा हुआ है। कंप्रेसर धमाके के बाद नर्सरी में तेजी से आग फैल गई और जहरीला धुआं भर गया।
अस्पताल में मौजूद केवल एक बच्चे को बचाया जा सका। PIMS प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वक्त कुल 16 नवजात शिशु भर्ती थे। राहत टीमों द्वारा चलाए गए बचाव अभियान के बावजूद केवल एक को ही सुरक्षित बाहर निकाला जा सका, जबकि बाकी 15 बच्चों ने दम तोड़ दिया। दमकल और आपातकालीन रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और प्रभावित वार्ड में कूलिंग ऑपरेशन चलाया।
PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने पाकिस्तान अखबार 'डॉन' को बताया कि वार्ड में 16 बच्चे थे। घटना की वजह के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी मालूम होती है। उन्होंने कहा, "एक डॉक्टर ने एक बच्चे को बचाया है।" प्रशासन ने कहा कि इस घटना की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर जनरल की अध्यक्षता में एक जांच समिति बनाई गई है। आपको बता दें कि 1985 में बना PIMS इस्लामाबाद का सबसे बड़ा और दूसरा सबसे पुराना सरकारी अस्पताल है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper