गांधी-शास्त्री जयंती पर पौधारोपण एवं बाल शिक्षा कार्यक्रम आयोजित
सह संपादक अनिल चौधरी
इंदौर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वर्ण अंकुर भारत मिशन के तत्वावधान में श्रमिक क्षेत्र, मार्तण्ड नगर स्थित आदर्श हनी पब्लिक स्कूल में पौधारोपण, बाल शिक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पौष्टिक नाश्ता भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि योग विशेषज्ञ सुदिती राजपूत ने बच्चों को गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन, उनके आदर्शों, सादगी, सत्य, अनुशासन, स्वच्छता और देशप्रेम से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रमुख अतिथियों रमेश मौर्य, अभिषेक मिश्रा, सोनू निहाले, सीमा जुनेजा, रिधिमा भाटी एवं ऋतु साहू ने बच्चों के साथ विभिन्न प्रेरणादायक गतिविधियों में सहभागिता की। इस दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा गया कि शिक्षित, संस्कारी एवं जिम्मेदार बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधारोपण कराया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, शिक्षा के प्रति रुचि तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
इस अवसर पर आदर्श हनी पब्लिक स्कूल के स्कूल प्रबंधन राजेन्द्र चंदेल, प्राचार्य सरोज चंदेल एवं उपप्राचार्य अर्चना सोनी सहित सपना चौहान, काजल गुप्ता एवं शालू मैडम ने स्वर्ण अंकुर भारत मिशन के सभी सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

