पीएम मोदी की चार दिवसीय विदेश यात्रा शुरू: उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान का दौरा, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

  • Share on :

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार दिवसीय विदेश यात्रा के लिए शनिवार को रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी 29 अगस्त से एक सितंबर तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा करेंगे। इस दौरान वह प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और एससीओ के 26वें शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।
पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर दो दिन की द्विपक्षीय यात्रा के लिए आज ताशकंद पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि यह पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान का चौथा दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने 2015 में उज्बेकिस्तान और मध्य एशिया के अन्य देशों का दौरा किया था और उसके बाद 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में शामिल होने के लिए वहां गए थे।
अपने चार दिवसीय दौर को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि,
अगले कुछ दिनों में उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य का दौरा होगा। इस दौरान ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ भारत-उज्बेकिस्तान दोस्ती को बेहतर बनाने के लिए द्विपक्षीय बातचीत।
शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा।
बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकें।
इन मुद्दों पर होगी बातचीत
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, ताशकंद में दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और आगे की राह के लिए एजेंडा तय करेंगे। वे 'विकसित भारत 2047' और 'उज्बेकिस्तान-2030' के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी अपने विचार साझा करेंगे। उम्मीद है कि पीएम मोदी ताशकंद में शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर भी जाएंगे।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper