पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
नई दिल्ली। बिहार में इन दिनों विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर बयानबाजी जारी है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम के अलावा भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की है। नीतीश कुमार को बधाई और शुभकामनाएं देने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीतीश कुमार को टैग करते हुए लिखा, ''बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को उनके जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करे।''
वहीं, अमित शाह ने कहा, ''बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में NDA जनकल्याण और सुशासन का पर्याय बना है। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना करता हूं।''
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार की प्रगति में उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके दीर्घायु होने की और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।''
साभार लाइव हिन्दुस्तान