लाउडस्पीकर के नए नियम लागू कराने पहुंची पुलिस पर हमला, आसनसोल में भारी तनाव
आसनसोल. पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के जहांगीर मोहल्ला इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय तनाव फैल गया, जब धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर इस्तेमाल को लेकर राज्य सरकार के नए नियमों को लागू कराने पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने हाल ही में मस्जिदों और मंदिरों समेत सभी धार्मिक संस्थानों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इन नियमों के तहत धार्मिक स्थलों पर लगाए गए माइक्रोफोन और साउंड सिस्टम की आवाज केवल परिसर तक सीमित रखने को कहा गया है, ताकि आसपास के इलाकों में ध्वनि प्रदूषण को रोका जा सके. प्रशासन ने सभी धार्मिक संगठनों से इन नियमों का पालन करने की अपील की थी.
इसी आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी शुक्रवार को जहांगीर मोहल्ला समेत कई इलाकों के धार्मिक स्थलों पर पहुंचे थे. पुलिस अधिकारियों ने मस्जिदों और मंदिरों के प्रबंधन से बातचीत कर नए नियमों के बारे में जानकारी दी और ध्वनि सीमा का पालन करने को कहा. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया.
साभार आज तक

