बदमाशों पर पुलिस का कड़ा प्रहार: जिम में हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया, जवाबी फायरिंग में स्वाट प्रभारी को भी लगी गोली

  • Share on :

बुलंदशहर। बुलंदशहर के खुर्जा में सुभाष मार्ग स्थित जिम पर 25 अप्रैल की रात को हुए तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपीय जीतू सैनी और पुलिस के बीच बृहस्पतिवार सुबह सिकंदरपुर गांव के पास मुठभेड़ हुई। इसमें जीतू सैनी के दो गोली लगी, जिसको घायल अवस्था में जटिया अस्पताल लाया गया। वहां से उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल में उपचार के दौरान जीतू सैनी की मौत हो गई। वहीं मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और सिपाही मोहित मलिक के भी गोली लगी, जिनको जटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम जीतू के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
इससे पहले, बुधवार को भी कोतवाली पुलिस और तिहरे हत्याकांड के दो आरोपी 50-50 हजार रुपये इनामी रिंकू व भारत के बीच मंगलवार रात को मुठभेड़ हुई थी। इसमें रिंकू दाएं और भारत के बाएं पैर में गोली लगी। आरोपियों के पास से पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी की डीबीआर, एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा व कारतूस बरामद किए।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल की रात को जिम पर जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में तीन युवकों की हत्या कर दी गई थी। इसमें तीन आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं। शेष अन्य आरोपियों की पुलिस टीम तलाश कर रही है। मंगलवार रात को करीब 11 बजे पुलिस ने वांछित रिंकू सैनी उर्फ रिंकेश और भारत सैनी को जीटी रोड से गिरफ्तार किया।
इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की निशानदेही से सीसीटीवी की डीबीआर और हथियार बरामद करने जा रही थी। मुंडाखेड़ा नहर के पास जब पुलिस डीबीआर ढूंढने लगी तो आरोपियों ने छिपाए हुए हथियार लेकर वहां से भागने की कोशिश की। 
पुलिस ने जब उनको रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रिंकू के दाएं और भारत के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायल अवस्था में वहीं गिर गए और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। 
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper