मलगांव में पुलिस ने किया जनसंवाद, ग्रामीणों से सुरक्षा व्यवस्था पर लिया फीडबैक
सवादता:- पुनीत सेन
खंडवा/खालवा। थाना खालवा क्षेत्र के ग्राम मलगांव में पुलिस द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री गजेंद्र सिंह कंवर शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर संवाद किया। पुलिस द्वारा नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों और अपराधों की रोकथाम के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेंद्र सिंह कंवर ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशे के कारोबार, संदिग्ध गतिविधि या अपराध से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में तहसीलदार श्री विनोद यादव, थाना प्रभारी खालवा श्री अनुपम सिंह सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे। पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

